LatestNewsगोंदिया- भंडाराविदर्भ

नवोदय विद्यालय की अव्यवस्थाओं पर फूटा पालकों का गुस्सा; सांसद प्रशांत पडोले के औचक दौरे में प्राचार्या के तबादले की मांग

शैक्षणिक गुणवत्ता, भोजन, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं की खुली पोल : सांसद ने व्यवस्था सुधारने के दिए कड़े निर्देश
अर्जुनी मोरगाव (गोंदिया ) :
नवेगांवबांध स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गोंदिया-भंडारा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने रविवार को विद्यालय का औचक दौरा कर शिक्षक-पालक सभा ली। इस दौरान पालकों ने शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वास्थ्य, स्वच्छता, मेस के भोजन और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर सांसद के समक्ष शिकायतों की झड़ी लगा दी। साथ ही, प्राचार्या के कथित अड़ियल और असहयोगात्मक रवैये पर तीव्र नाराजगी जताते हुए उनके तत्काल तबादले की पुरजोर मांग की।

छात्रों से सीधे संवाद में सामने आया मानसिक तनाव
दौरे के दौरान सांसद पडोले ने विद्यार्थियों से भी सीधा संवाद स्थापित कर उनकी कठिनाइयों को जाना। विद्यार्थियों ने बताया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जाता, जिससे विद्यालय में तनावपूर्ण वातावरण बना हुआ है। पालकों का आरोप था कि प्राचार्या के अनुचित व्यवहार के चलते विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।
शिक्षकों की भारी कमी; पढ़ाई पर असर
सभा में पालकों ने प्रमुखता से उठाया कि कक्षा ९वीं और १०वीं के विद्यार्थियों के लिए भौतिकी (फिजिक्स), रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) और आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों के पूर्णकालिक शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। शिक्षकों की रिक्तियों के कारण छात्रों का शैक्षणिक नुकसान हो रहा है, जिसे तुरंत पूरा करने की मांग की गई।
भोजन, स्वास्थ्य व मूलभूत सुविधाओं का टोटा
मेस में मिलने वाले भोजन के घटिया स्तर को लेकर भी तीखी बहस हुई। दूध में अत्यधिक पानी मिलाए जाने, परिसर में व्याप्त गंदगी, छत से पानी टपकने, अनियमित बिजली आपूर्ति, जनरेटर बंद रहने तथा डॉक्टर की अनुपलब्धता जैसी गंभीर कमियां उजागर हुईं। बीमार बच्चों की उचित देखभाल न होने की शिकायत भी दर्ज कराई गई। इसके अलावा कपड़े धोने, बाल कटवाने, शुद्ध पेयजल और नहाने के लिए गर्म पानी जैसी आवश्यक सेवाओं की टेंडर प्रक्रिया लंबित होने से छात्रों को भीषण असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद ने दिया सुधार का अल्टीमेटम
पालकों और विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने के बाद सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने विद्यालय प्रशासन को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर लैब सुचारू करने, मेस के खाने की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षक-पालक-विद्यार्थी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। साथ ही इन सभी समस्याओं को वरिष्ठ स्तर पर उठाकर जल्द हल कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सदस्य देवाजी कापगते, विद्यालय की प्राचार्या उषा धारगावे, उपप्राचार्य जुमड़े, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में पालक व विद्यार्थी उपस्थित थे।

Spread the News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *