“एक पेड़ माँ के नाम” : नपा ने दिया हर घर स्वच्छता और हरियाली का संदेश
स्वतंत्रता दिवस पर 500 पौधों का हुआ पौधारोपण
बालाघाट : स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ पर 15 अगस्त को देशप्रेम का जज्बा, उत्साह और उमंग छाई रही जहां आजादी के तराने गूंजते रहे। मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के उपरांत स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री उदयप्रताप सिंह ने नगरपालिका परिषद बालाघाट द्वारा आयोजित अटल उद्यान का भूमिपूजन एवं गायखुरी में वैनगंगा नदी तट के किनारे विकसित की जाने वाली वाटिका में पौधारोपण किया। नपा कार्यालय में भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने ध्वजारोहण किया और हर घर तिरंगा-हर-घर स्वच्छता उत्सव के तहत नपा कर्मियों एवं सफाई मित्रों का उत्साह बढ़ाया तथा नगरवासियों को भी स्वच्छता को लेकर प्रेरित किया। वहीं नपा ने स्वतंत्रता दिवस पर नगर में तिरंगा लाईटों की विशेष प्रकाश व्यवस्था स्टेशन रोड, भाजपा कार्यालय मार्ग व बैनगंगा पुल में करी जो लोगों के लिये आकर्षण का केन्द्र रहा ।

स्वच्छता और नशामुक्ति का लें संकल्प-नपाध्यक्ष
नपा कार्यालय में ध्वजारोहण कर नपाध्यक्ष श्रीमती ठाकुर ने कहा कि भारत देश को आजादी महापुरूषों और असंख्य वीर सपूतों के बलिदान से मिली है इसे संजोकर रखना तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत बनाये रखना सभी का कर्तव्य है। हर घर स्वच्छता उत्सव प्रेरित है राष्ट्र निर्माण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता को लेकर जिसमें नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। नशा छोडऩे का संकल्प लेकर स्वयं इसकी शुरूआत करें। नपाध्यक्ष ने सफाई मित्रों के कार्यो की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपके परिश्रम से ही बालाघाट नगरपालिका राष्ट्रीय स्तर पर 76 वें से 44 वें पायदान पर आई है निश्चित ही आपकी मेहनत और लगन से हम प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे। नपाध्यक्ष ने नगरवासियों एवं नपा कर्मियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर संकल्प लें कि नगर को साफ-सुथरा रखेंगे, प्लास्टिक पॉलिथिन का उपयोग नहीं करेंगे, घर-परिसर को स्वच्छ बनाये रखेंगे।नगरपालिका में ध्वजारोहण के दौरान पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन,भाजपा ज़िलाध्यक्ष पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे,पूर्व नपाध्यक्ष रमेश रंगलानी,अनिल धुवारे श्रीमती रेखा बिसेन, ओबीसी कल्याण आयोग अध्यक्ष मौसम बिसेन, नपा उपाध्यक्ष योगेश बिसेन,भूतपूर्व सैनिक संघठन के जिला अध्यक्ष संजू धुवारे ,नपा ब्राण्ड एम्बेसडर एल आर गौतम सभापति संगीता खगेश कावरे, योगिता विनय बोपचे, संगीता छोटू थापा,समीर जायसवाल,कमलेश पांचे, उज्जवल आमाडारे,पार्षदगण वन्दना बारमाटे,सरिता केवल सोनेकर,श्वेता सौरभ जैन,गिरीश कावड़े,राज हरिनखेरे, गजेन्द्र भारद्वाज,जैनेन्द्र कटरे,राजेश लिल्हारे,सीएमओ बीडी कतरोलिया, विभागो के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र, फायरमेन सहित गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

गायखुरी में हुआ वृहद पौधारोपण
स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री उदयप्रताप सिंह के हस्ते गायखुरी में मां वैनगंगा नदी के तट पर पहुंचकर नपा द्वारा विकसित की जाने वाली वाटिका के लिये
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान अंतर्गत पौधा लगाया और सभी को पौधारोपण के लिये प्रेरित किया। नपाध्यक्ष श्रीमती ठाकुर ने बताया कि नदी के तट को संरक्षित रखने और मिट्टी के कटाव को रोकने के लिये यहां फैन्सिंग कर दी गई है जहां वृहद पौधारोपण किया जायेगा नगरवासी भी यहां पहुंचकर पौधे लगा सकते है जिससे कि प्रकृति संरक्षण हो सकेगा। वर्तमान में यहाँ 500 पौधे नगर पालिका द्वारा लगाए गये हैं ।
ऑपरेशन सिंदूर की रंगोली उकेरने वाले कलाकारों का होगा सम्मान
उत्कृष्ट विद्यालय सभागार में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कलाकारों ने सिंदूर की रक्षा वतन के नाम थीम पर ऑपरेशन सिंदूर में भारत के सेना के शौर्य को प्रदर्शित किया। नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने पार्षदों के साथ पहुंचकर रंगोली का अवलोकन किया। इस रंगोली में सिंदूर की रक्षा और सेना के पराक्रम के साथ ही प्रधानमंत्री की भी झलक दिखाई गई है। रंगोली उकेरने वाले कलाकारों की प्रशंसा करते हुए नपाध्यक्ष ने उन्हें आमंत्रित किया है और नपा कार्यालय में रंगोली कलाकार श्राची जैन, अनुराग जमगाड़े तथा कटंगी की आंचल चौधरी इनका भव्य सम्मान किया जायेगा।

