LatestNewsगोंदियाविदर्भ

चिचोली-बाभुलखेड़ा में शराबी पूर्व सरपंच ने की पिता की हत्या

महादुला टी पॉइंट क्षेत्र से आरोपी गिरफ्तार,
नागपुर/खापरखेड़ा : पड़ोसी के घर में बात कर रहे पिता के सिर पर दारू के नशे में बेटे ने लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। यह घटना खापरखेड़ा पुलिस थाने के अंतर्गत चिचोली (बाभुलखेड़ा) में गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे घटी। घटना के बाद ढाई घंटे में आरोपी बेटे को महादुला टी पॉइंट क्षेत्र से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। धर्मेंद्र धनिराम कापसे (59) मृतक का नाम है, जबकि अंकित धर्मेंद्र कापसे (30) गिरफ्तार किए गए आरोपी बेटे का नाम है। दोनों कामठी तहसील के चिचोली (बाभुलखेड़ा) के निवासी हैं।
धर्मेंद्र और उनकी पत्नी अनिता गुरुवार सुबह पड़ोस में रहने वाले गुणवंत सीताराम राऊत (40) के घर के आंगन में कुर्सी पर बैठे थे। अंकित शराब के नशे में गुणवंत के घर गया और पिता से कहा, “तू यहां क्यों बैठा है, घर चल”। जब उन्होंने घर जाने से मना किया, तो उसने धर्मेंद्र को दो थप्पड़ मारे और गुस्से में घर की ओर निकल गया। थोड़ी देर बाद वह हाथ में लोहे की रॉड लेकर वापस आया। उसने गाली देते हुए धर्मेंद्र के सिर पर लोहे की रॉड से दो वार किए। यह देखकर गुणवंत ने उसके हाथ से रॉड छीन ली और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अंकित वहां से भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और धर्मेंद्र को अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में खापरखेड़ा पुलिस ने गुणवंत राऊत की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दुर्घटना में अपंगता
धर्मेंद्र कापसे चिचोली (बाभुलखेड़ा) ग्राम पंचायत के सरपंच भी रह चुके हैं। छह साल पहले हुए एक हादसे में उनके एक पैर में गंभीर चोट आई थी। इससे वे ठीक तो हो गए लेकिन एक पैर से अपंग हो जाने के कारण वे लंगड़ाकर चलते थे। अंकित कोई कामधंधा नहीं करता था। इसके अलावा, वह उनसे हमेशा घरेलू कारणों से झगड़ा और मारपीट करता था, इसीलिए वे समय बिताने के लिए हमेशा पड़ोसी के घर में बात करते रहते थे।
अपराध शाखा ने लिया हिरासत में
खापरखेड़ा पुलिस से जानकारी मिलते ही नागपुर शहर पुलिस की यूनिट 3 और 6 की अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने आरोपी अंकित की तलाश शुरू की। वह दोपहर 12 बजे के करीब कोराडी के महादुला टी पॉइंट के पास मिला। अपराध शाखा की टीम ने पीछा कर उसे हिरासत में लिया और खापरखेड़ा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आगे की जांच खापरखेड़ा पुलिस कर रही है।

Spread the News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *