LatestNewsगोंदियामहाराष्ट्र

न.मा.द. महाविद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों का भव्य सम्मान; 23 विद्यार्थियों ने पार किया 90% का आंकड़ा

वाणिज्य का 100% और कला संकाय का 98% रहा परीक्षा परिणाम, तनिषा और दीपिका ने जिले में लहराया परचम
गोंदिया : 
गोंदिया शिक्षा संस्था द्वारा संचालित स्थानीय नटवरलाल मानिकलाल दलाल (न.मा.द.) महाविद्यालय में 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष महाविद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत शानदार रहा, जिसमें 23 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर महाविद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवींद्र मोहतुरे ने की। इस अवसर पर कनिष्ठ महाविद्यालय पर्यवेक्षक प्रो. रवींद्र राहागडाले, पालक प्रतिनिधि लव धोटे, महिला पालक प्रतिनिधि डॉ. स्मिता आचार्य, डॉ. शिबू आचार्य तथा डॉ. भावेश जसानी विशेष रूप से मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का गरिमामय शुभारंभ संस्था के संस्थापक एवं शिक्षणमहर्षि स्व. मनोहरभाई पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात् डॉ. कपिल चव्हाण ने प्रास्ताविक भाषण प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों के उल्लेखनीय योगदान की विस्तृत जानकारी दी।
जिले में चमके न.मा.द. के सितारे
इस वर्ष महाविद्यालय के वाणिज्य संकाय (कॉमर्स) का परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा, वहीं कला संकाय (आर्ट्स) का परिणाम 98% दर्ज किया गया। वाणिज्य संकाय की छात्रा कु. दीपिका राकेश माने ने 97.17% अंक और कला संकाय की छात्रा कु. तनिषा शिबू आचार्य ने 88.83% अंक प्राप्त कर जिला स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया है।
वाणिज्य संकाय में 90% से अधिक अंक लाने वालों में प्रमुख रूप से कु. एकता गौतम (96%), माही राऊत (94.83%), पियूसी मानकर (94.50%), निश्चल अग्रवाल (94.17%), रोशनी चावला (94.13%), आर्यन बनसोड (93.83%), वंशिका चूटलानी (93.33%) और वेद पटले (93%) शामिल रहे। वहीं कला संकाय में गरिमा गंगभोज, पायल पंधराम और खुशबू लांजेवार ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। इन सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संस्थापक के आदर्शों पर अग्रसर है महाविद्यालय
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. मोहतुरे ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संस्था अपने संस्थापक स्व. मनोहरभाई पटेल के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने इस सफलता के लिए मार्गदर्शक मा. प्रफुलभाई पटेल, अध्यक्षा श्रीमती वर्षा पटेल, सचिव राजेंद्र जैन तथा संचालक निखिल जैन के निरंतर मिल रहे सहयोग की सराहना की और सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. संजय जगणे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रो. रवींद्र राहागडाले द्वारा किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में प्रा. उर्विल पटेल, डॉ. रवींद्र तिडके, प्रा. चेतन मानकर, प्रा. गीता पटेल, प्रा. कविता पटेल, अनुराग नागतोडे, इशाद शेख, सेवक चौधरी एवं माला धोटे ने विशेष रूप से अपना सहयोग प्रदान किया।

Spread the News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *