LatestNewsगोंदियाविदर्भ

SECR : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा “स्वच्छता ही सेवा–2025” के तहत “डोर-टू-डोर” एवं “स्वस्थ नारी,

सशक्त परिवार” जागरूकता अभियान चलाया गया
गोंदिया :
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, (SECR) नागपुर मंडल में चल रहे “स्वच्छता ही सेवा–2025” पखवाड़े के आठवें दिन, 24 सितम्बर 2025 को पूरे मंडल में “डोर-टू-डोर जागरूकता कार्यक्रम” का व्यापक आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य रेलवे कॉलोनियों के प्रत्येक परिवार को स्वच्छता का महत्व समझाना, उन्हें साफ-सफाई के लिए प्रेरित करना और स्वच्छ भारत मिशन से सीधे जोड़ना रहा। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री उदय कुमार भारती के नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन किया गया, जिसमें एक अधिकारी और पाँच कर्मचारी शामिल थे। यह दल सुबह से ही विभिन्न प्रमुख स्टेशनों की सभी रेलवे कॉलोनियों में जाकर घर-घर दस्तक देकर निवासियों से संवाद स्थापित कर रहा था। टीम ने लगभग 25 ब्लॉकों को कवर करते हुए स्वच्छता का संदेश पहुँचाया। उन्होंने बताया कि साफ-सुथरा वातावरण न केवल बीमारियों को दूर रखता है, बल्कि परिवारों और बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए अनिवार्य है। सभी परिवारों को घर और आसपास गंदगी न फैलाने, कचरे का उचित निपटान करने, जल निकासी को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।


इस अवसर पर निवासियों ने “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत” का संकल्प लिया और “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” का संदेश विशेष रूप से साझा किया गया। महिलाओं को घर एवं समाज दोनों स्तरों पर स्वच्छता और स्वास्थ्य का केंद्रबिंदु मानते हुए बताया गया कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की आधारशिला है। महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मंडल चिकित्सा विभाग की ओर से भी सहयोग प्रदान किया गया। मेडिकल टीम ने महिला स्वास्थ्य पर परामर्श, संतुलित आहार, प्रसूति एवं मातृत्व देखभाल, एनीमिया और अन्य सामान्य रोगों की रोकथाम संबंधी जानकारी दी। इस अभियान में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने-अपने ब्लॉकों में स्वयं सफाई करने और दूसरों को प्रेरित करने का वचन दिया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह ने विभिन्न कॉलोनियों का निरीक्षण कर कर्मचारियों और निवासियों का उत्साहवर्धन किया। (SECR) श्री दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। श्री दिलीप सिंह ने कहा कि डोर-टू-डोर संपर्क से नागरिकों में जागरूकता गहराई तक पहुँचती है और वे स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना सकते हैं। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वच्छता दल का उत्साहवर्धन किया, निवासियों से संवाद किया और स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए। (SECR) रेलवे प्रशासन ने समस्त कर्मचारियों, परिजनों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर, आसपास और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखें, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें, महिलाओं के स्वास्थ्य पर ध्यान दें तथा अगली पीढ़ी को भी स्वच्छता और स्वास्थ्य का महत्व अवश्य समझाएँ, ताकि “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत” और “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” का संकल्प पूर्ण रूप से साकार हो सके।

Spread the News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *