तिरोडा में बारिश से कच्चा मकान ढहा, महिला की मौत
तिरोडा – शहर के संत सज्जन वार्ड, प्रभाग क्रमांक १ में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। देर रात हुई बारिश के चलते कच्चा मकान ढह गया, जिसमें दबकर एक महिला की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार, २९ अगस्त की रात लगभग २:३० बजे के आसपास घटी।मृतका का नाम प्रतिभा मोहन मेश्राम (आयु लगभग ५२ वर्ष) बताया गया है। वह संत सज्जन वार्ड, रेलवे स्टेशन परिसर में अकेली ही कच्चे मकान में रहती थीं। विशेष रूप से, उनका कोई परिजन या संतान नहीं था, जिसके कारण वे अकेले ही जीवन यापन कर रही थीं। रात में बारिश होने से अचानक उनका मकान भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में वे मलबे के नीचे दब गईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही तिरोडा पुलिस विभाग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने नगरपरिषद की मदत से जेसीबी मशीन द्वारा मलबा हटवाकर मृतका को बाहर निकाला। बाद में पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए तिरोडा ग्रामीण अस्पताल भेजा गया।इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। अकेले जीवन जी रही महिला की इस प्रकार अचानक मृत्यु से स्थानीय नागरिकों में गहरी संवेदना व्याप्त हो गई है। लोग आपस में चर्चा कर रहे थे कि बारिश ने जनजीवन तो अस्त-व्यस्त किया ही है, लेकिन ऐसे हादसे लोगों के लिए और भी खौफनाक बन रहे हैं।अचानक हुए इस हादसे ने पूरे वार्ड में सन्नाटा पसराया है। मृतका की कोई संतान या निकट संबंधी न होने से उनका जीवन पहले ही कठिनाईयों से भरा था, और अब इस तरह हुई मौत से क्षेत्रवासियों में दुःख और हृदयस्पर्शी सहानुभूति व्यक्त की जा रही है।

